पहली लिस्ट में नहीं प्रियंका गांधी का नाम, अमेठी-रायबरेली के उम्मीदवारों पर सस्पेंस, क्यों पत्ते नहीं खोल रही कांग्रेस?

पहली लिस्ट में नहीं प्रियंका गांधी का नाम, अमेठी-रायबरेली के उम्मीदवारों पर सस्पेंस, क्यों पत्ते नहीं खोल रही कांग्रेस?


Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 39 उम्मीदवारों के नाम की पहली सूची शुक्रवार को जारी कर दी. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कैंडिडेट लिस्ट का ऐलान बताया कि इनमें 15 सामान्य और 24 दलित, एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग के उम्मीदवार हैं. कांग्रेस की लिस्ट में महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम नहीं होने और गांधी परिवार की पारंपरिक सीट यूपी की अमेठी और रायबरेली पर उम्मीदवार का एलान नहीं होने ने सबका ध्यान खींचा है.

रायबरेली सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनावी डेब्यू की चर्चा

कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी करने वाले केसी वेणुगोपाल खुद केरल की अलप्पुझा लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं. उन्होंने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे. कहा जा रहा था कि राहुल गांधी पिछली बार की तरह अमेठी से भी चुनाव लड़ेंगे. वहीं, सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने से बाद खाली हुई रायबरेली सीट पर 52 वर्षीय प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी डेब्यू कर सकती हैं.

अमेठी और रायबरेली पर सस्पेंस को लेकर कांग्रेस से सवाल

उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव रह चुकीं प्रियंका गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ दिखी थीं. हाल ही में उन्हें कांग्रेस संगठन में बिना किसी प्रभार के महासचिव बनाया गया था ताकि वह अपनी चुनावी तैयारी को पूरा समय दे सकें. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ इंडिया गठबंधन में सीटों का समझौता भी हो चुका है. कांग्रेस के खाते में आई 17 लोकसभा सीटों में अमेठी और रायबरेली भी है. वहीं, इस गठबंधन और सीटों के बंटवारे में प्रियंका गांधी वाड्रा की सबसे बड़ी भूमिका भी बताई जाती है.

See also  बीजेपी ने जारी की 195 लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, पीएम मोदी समेत 34 मंत्रियों के नाम शामिल

कांग्रेस की चुनावी रणनीति है या आत्मविश्वास की कमी?

यूपी में इन सब समीकरणों के बावजूद अमेठी और रायबरेली सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों का नाम सामने नहीं आना और पहली लिस्ट से प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम नदारद होने ने सबको चौंकाया है. यह कांग्रेस की चुनावी रणनीति है या उसके आत्मविश्वास की कमी जैसी सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. सोशल मीडिया पर यूजर्स यहां तक पूछने लगे कि क्या कांग्रेस डर गई है? क्योंकि लोकसभा चुनाव 2019 में अमेठी सीट पर राहुल गांधी भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी से 50 हजार से ज्यादा वोटों से हार गए थे. हालांकि, यूपी कांग्रेस ने राहुल गांधी से अमेठी से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया है.

प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रशंसकों को करना पड़ सकता है इंतजार

कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, पहली लिस्ट में ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की कई सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने की योजना थी. इन राज्यों में एक-एक सीट पर कई दावेदार होने की वजह से हंगामे की आशंका के चलते फिलहाल और अधिक चर्चा के लिए घोषणा को टाल दिया गया. बताया जा रहा है कि कांग्रेस इलेक्शन कमेटी जल्द ही बैठक कर इन राज्यों की सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान करेगी. प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम उसमें शामिल किया जा सकता है.

 

राजनीति की खबर अब व्हाट्सएप चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरें


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *