हिमाचल में सियासी भूचाल लाने वाले इस नेता ने की थी 7 साल छोटी राजकुमारी से शादी, विवादित रही प्रेम कहानी
Vikramaditya Singh Love Story in Hindi: हिमाचल की राजनीति में इस वक्त बड़ा भूचाल आया हुआ है, आज सुबह प्रदेश की कांग्रेस सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस्तीफा देकर सबको हैरान कर दिया है। जिसके बाद अब यहां कि सुक्खू सरकार पर संकट के बादल छाए हुए हैं।
आपको बता दें कि हिमाचल के बड़े सियासी घराने से आने वाले विक्रमादित्य सिंह ने सरकार पर विधायकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ‘पार्टी के अंदर कई विधायक नाराज हैं, लंबे वक्त से उन्हें अनसुना किया जा रहा है और इसी वजह से उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।’ इसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो बीजेपी में शामिल हो सकते हैं लेकिन उन्होंने कहा कि ‘अभी ऐसा कुछ नहीं है। आगे कुछ भी होगा हम साफ तरीके से सबको बताएंगे।’
हिमाचल का सियासी पारा भट्टी से भी ज्यादा गर्म
बता दें कि हिमाचल में भले ही बर्फबारी हो रही हो लेकिन इस वक्त सियासी पारा भट्टी से भी ज्यादा गर्म है, विक्रमादित्य सिंह पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। मिजाज से काफी तेज-तर्रार कहे जाने वाले विक्रमादित्य सिंह इस वक्त शिमला ग्रामीण सीट से विधायक हैं।
सियासत को बहुत करीब से देखा
17 अक्टूबर 1989 को जन्मे विक्रमादित्य सिंह की मां प्रतिभा सिंह भी मंडी से लोकसभा सांसद हैं, विक्रमादित्य ने सियासत और राजसी ठाठबाट को बहुत करीब से देखा है। उन्होंने पहले बिशप कॉटन से स्कूली पढ़ाई और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफन्स कॉलेज से इतिहास विषय में परास्नातक किया है। फोटोग्राफी का शौक रखने वाले हिमचाल के राजकुमार विक्रमादित्य को राजस्थान की राजकुमारी सुदर्शना चुंडावत से मोहब्बत हुई थी, गौरतलब है कि देखने में बेहद ही खूबसूरत राजकुमारी सुदर्शना उदयपुर के शाही घराने से आती हैं। हालांकि दोनों को मिलवाया था दोनों के ही परिवार वालों ने लेकिन पहली मुलाकात में ही दोनों ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया था।
उदयपुर के कनोता गढ़ पैलेस में हुई थी शाही शादी
खास बात ये है कि दोनों की उम्र में 7 साल का अंतर था। मार्च 2019 में दोनों का विवाह हुआ था, इस शाही शादी के चर्चे दूर-दूर तक हुए थे, ये विवाह उदयपुर के कनोता गढ़ पैलेस में हुआ था लेकिन इस प्रेम कहानी का अंत बहुत जल्द हो गया।
विवादित रही प्रेम कहानी, डेढ़ साल में टूटी शादी
शादी के डेढ़ साल बाद ही दोनों का रिश्ता टूट गया और मामला इस कदर खराब हुआ कि कोर्ट तक पहुंच गया। सुदर्शना ने अपने पति और सास पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था और ये भी कहा था कि ‘विक्रमादित्य सिंह की लाइफ में कोई और महिला है।’
विक्रमादित्य सिंह ने सारे आरोपों को निराधार बताया
उनके इस आरोप पर सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया था लेकिन विक्रमादित्य सिंह ने सारे आरोपों को निराधार बताया था और कहा था कि ‘ये उनका पर्सनल मैटर है, जिसे कुछ लोगों ने जबरदस्ती मीडिया में उछाला है।’ हालांकि शाही मामला होने की वजह से ये मसला कुछ दिन सुर्खियां बटोरने के बाद गायब हो गया। फिलहाल सुदर्शना चुंडावत अब उदयपुर में ही रहती हैं।
101 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति
अमीर घराने से आने वाले विक्रमादित्य सिंह के पास 101 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है और वो एक लग्जरी लाइफ जीते हैं। वो 2013 से 2018 तक हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं। हिमाचल विधानसभा चुनाव के सबसे यंग विधायक विक्रमादित्य साल 2017 में पहली बार शिमला ग्रामीण सीट से विधायक बने थे और साल 2022 में फिर से यहां पर जीतने के बाद सुक्खू सरकार में मंत्री बने थे।


