वो एयरलाइंस की एक स्कीम थी… मोदी ने बताया बिना होटल लिए कैसे घूम लिए थे अमेरिका
Narendra Modi America Story: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी पत्रिका न्यूजवीक को दिए इंटरव्यू (Modi Newsweek Interview in Hindi) में अपने अमेरिका दौरे के बारे में एक दिलचस्प किस्सा सुनाया है. यह बताता है कि मोदी सीएम बनने से भी पहले किस तरह प्लानिंग करते थे. उन्होंने एक एयरलाइंस की स्कीम का लाभ लेते हुए अमेरिका घूम लिया था.
PM Modi On Indian Diaspora: प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बनने के बाद अगर कोई नेता विदेश जाता है तो उसके साथ प्रोटोकॉल होता है. उसे अपने से किराये, गाड़ी, होटल आदि के बारे में सोचना नहीं पड़ता है. स्टाफ यह काम आराम से देख लेता है. हालांकि जब आम आदमी परदेस में घूमने गया हो तो बहुत सी चीजें सोचनी समझनी पड़ती हैं. तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के सीएम भी नहीं बने थे. एक आम नागरिक की तरह वह अमेरिका गए. अमेरिकी पत्रिका ‘न्यूजवीक’ को दिए इंटरव्यू में पीएम ने बताया कि कैसे उन्होंने एक एयरलाइंस की स्कीम का फायदा उठाते हुए अमेरिका के करीब 29 राज्य घूम लिए थे.
पीएम ने विदेश में बसे भारतीय समुदाय से अपने जुड़ाव के बारे में बात करते हुए किस्सा सुनाया. उन्होंने कहा कि जब वह राजनीति में आए भी नहीं थे, उससे पहले से उनका प्रवासी भारतीय समुदाय से नाता रहा है.
डेल्टा एयरलाइंस की स्कीम
मोदी ने बताया कि उन्होंने अमेरिका में खूब यात्राएं की थीं. तब डेल्टा एयरलाइंस की एक स्कीम थी जिसमें एक महीने के लिए असीमित छूट वाली यात्रा (Unlimited Discounted Travel) की पेशकश की जाती थी. हालांकि साथ में कोई सामान लेकर चलने की अनुमति नहीं होती थीऔर सीटों का कोई रिजर्वेशन भी नहीं होता था. पीएम ने बताया कि उन्होंने काफी विचार करके अपनी यात्राओं की योजना बनाई. इसके लिए उन्होंने मैप की भी मदद ली, जो वह अक्सर अपने पास रखते थे.


